मनोहरपुर थाना पुलिस ने 5 हजार का इनामी ‘सूर्या’ को गिरफ्तार

जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। जिला जयपुर ग्रामीण के मनोहरपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बकरी चोरी के मामले में पिछले 6 महीनों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुरेश उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर विभिन्न थानों में चोरी और अन्य अपराधों के करीब 9 मामले दर्ज हैं।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि 15 सितंबर 2025 को परिवादी रघुवीर सिंह निवासी सुराणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, उनके बाड़े से 2 बकरियां और उनके पड़ोसी गोपाल सरावता की 2 बकरियां एक सफेद पिकअप में आए अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था।
पुलिस इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों सावरा उर्फ सायर, सज्जन और श्रवण उर्फ जहरिया को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी और 04 बकरियां भी पूर्व में बरामद कर ली थीं। हालांकि, मुख्य आरोपी सुरेश उर्फ सूर्या तब से ही फरार चल रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा रणबीर सिंह व वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की सूचना पर लगातार 6 माह तक पीछा करने के बाद आरोपी सुरेश उर्फ सूर्या (38) पुत्र अर्जुनलाल मीणा, निवासी ढाणी नाडा (अजीतगढ़) को गाविन्दपुरा धाबाई से डिटेन किया।
गिरफ्तार आरोपी सुरेश उर्फ सूर्या के खिलाफ शाहपुरा, खण्डेला, गोविन्दगढ़, अजीतगढ़ और मनोहरपुर सहित विभिन्न थानों में चोरी और लूट के 09 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह शाहपुरा थाने के 02 स्थायी वारंट और खण्डेला थाने के 01 गिरफ्तारी वारंट में भी वांछित चल रहा था।
पुलिस टीम में शामिल रहे। इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, एसआई सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार और राकेश कुमार (विशेष भूमिका) शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *