
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। महुआ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति सदस्य के टिकट वितरण के बाद कांग्रेस की सियासत में हलचल तेज हो गई है। टिकट मिलने से उत्साहित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुड़ला का आभार जताने ऊकरूंद स्थित रामकुटी हुड़ला पेट्रोल पंप पहुंचे। मण्डावर, महुआ, मनोहरपुर-खेड़ला और बैजूपाड़ा पंचायत समितियों के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। यहां कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक हुड़ला का साफा और फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर टिकट दिलाने में उनके सहयोग और विश्वास के लिए आभार जताया।
टिकट मिलने के बाद प्रत्याशियों के समर्थकों के साथ पहुंचने से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल नजर आया। कार्यकर्ताओं ने हुड़ला के प्रति विश्वास जताते हुए पार्टी प्रत्याशियों को चुनाव में जीत दिलाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में टिकट हासिल करने वाले प्रत्याशियों के लिए यह मौका समर्थकों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और चुनावी तैयारियों को गति देने के रूप में भी देखा गया।
कार्यकर्ताओं की सिफारिश पर दिए टिकट
इस दौरान पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुड़ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कार्यकर्ताओं की सिफारिश के बाद जीताऊ और टिकाऊ प्रत्याशियों को टिकट दिया है। प्रत्याशियों के चयन में कार्यकर्ताओं की राय को महत्व दिया गया है। अब सभी की जिम्मेदारी है कि वे आपसी तालमेल के साथ चुनाव मैदान में उतरें और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए जुट जाएं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में व्यक्तिगत मतभेदों को पीछे छोड़कर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में एकजुटता के साथ काम करें। पंचायत समिति चुनाव में जीत हासिल करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका निभानी होगी। गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क करें तथा पार्टी की नीतियों और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने रखें।
सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य
हुड़ला ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर पंचायत समिति की सभी सीटों पर चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताने के प्रयास करने चाहिए। चुनाव में जीत मिलने से क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटने और प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं के हुड़ला के पास पहुंचकर आभार जताने के इस कार्यक्रम को टिकट वितरण के बाद कांग्रेस खेमे में सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। अब चुनाव में प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनसंपर्क की भूमिका अहम रहेगी।