
खटीक समाज परिवार जोड़ो मंच का कार्यक्रम, सामाजिक एकता का दिया संदेश
www.daylifenews.in
जयपुर। भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जयपुर में ऑल इंडिया खटीक समाज परिवार जोड़ो मंच के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरिराज खींची ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आरएएस अधिकारी किशोर असवाल उपस्थित रहे, जो राजस्थान डॉ. अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संरक्षक सोहनलाल सांखला (एडवोकेट), राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, शहर अध्यक्ष गोपाल कृष्ण परेवा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों, सामाजिक न्याय और समानता के संदेश को समाज में आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें विनोद पहाड़िया (हवामहल क्षेत्र), दामोदर दायमा (दूदू क्षेत्र), भंवर लाल बागड़ी (हरसोली क्षेत्र), श्रीराम दायमा (ठठेरा क्षेत्र), अनुप किराड़ (सांगानेर क्षेत्र) तथा मालवीय नगर क्षेत्र से सोहनलाल सांखला एडवोकेट और किशन गोपाल एडवोकेट शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में अंबेडकर जयंती समारोह के संयोजक एवं प्रदेश संरक्षक, राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कुलदीप असवाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।