
www.daylifenews.in
एटा। गत दिवस उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एटा अरुणा नगर निवासी एवं हाथरस स्थित प्रतिष्ठित श्री रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज की सुयोग्य एवं कर्मठ प्रधानाचार्या डॉ. नीतू यादव को शिक्षा मंत्रालय उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा में सर्वाधिक प्रतिभाग कराकर हाथरस जिले में सर्वाधिक 16 चयन प्राप्त करने हेतु राज्य के उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह का आयोजन लखनऊ स्थित लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल में कॉलेज ऑफ़ टीचर एजूकेशन (सी टी ई ) के प्राचार्य अजय कुमार सिंह के मार्ग निर्देशन में किया गया। इस सम्मान समारोह में प्रदेश भर के लगभग 409 प्रधानाचार्य और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।


सम्मानित प्रधानाचार्यों व अतिथि के साथ
उक्त समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह पूर्व निदेशक बेसिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश/एससीईआरटी ने प्रतिभाग किया। समारोह में अजय कुमार सिंह प्राचार्य कॉलेज टीचर एजूकेशन (सी टी ई) द्वारा डॉ. नीतू यादव को पदक पहनाकर एवं सम्मान पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रताप नारायण सिंह (निदेशक मनोविज्ञान शाला, प्रयागराज एवं, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रयागराज) तथा अनिल भूषण चतुर्वेदी (निदेशक, साक्षरता, वैकल्पिक शिक्षा, उर्दू एवं प्राच्य भाषाएं तथा परीक्षा नियामक प्राधिकारी प्रयागराज ) की विशेष रूप से उपस्थिति उल्लेखनीय थी।
सम्मान समारोह के दौरान एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया जिसमें प्रधानाचार्या डा. नीतू यादव की विशेष रूप से सक्रिय प्रतिभागिता उल्लेखनीय रही।है। परंतु विगत वर्षों में पाया गया कि उक्त छात्रवृत्ति के लिए विद्यालय के शिक्षकों और प्रधानाचार्यो के द्वारा उपलब्ध छात्रवृत्ति के लिए उपेक्षा के कारण गरीब और पात्र बच्चे छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित रह जाते थे। लेकिन डॉक्टर नीतू यादव के द्वारा उक्त छात्रवृत्ति के लिए अपने अधिकतम प्रयासों के साथ अधिकतम रजिस्ट्रेशन कराए गये और अपने सीमित संसाधनों का सदुपयोग करते हुए छात्राओं को इस हेतु तैयारी करने में उल्लेखनीय योगदान दिया गया। इसके परिणामस्वरुप इस विद्यालय की 16 छात्राओं का उक्त छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ। इन सभी 16 छात्राओं को प्रतिवर्ष अपने अध्ययन को सुचारू रखने के लिए 12000 रुपये की राशि राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जायेगी।

सम्मान पत्र के साथ डा. नीतू यादव
दरअसल यह सम्मान प्रधानाचार्य डा. नीतू यादव के इन्हीं अभूतपूर्व प्रयासों की परिणिति है। इस उपलब्धि हेतु विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष रवि गोयल तथा प्रबंधक श्री गोविंद मित्तल जी ने विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉक्टर नीतू यादव की भूरि- भूरि प्रशंसा की है और छात्राओं के उत्थान एवं उनके सर्वांगीण विकास हेतु अपनी प्रतिबद्धता जतायी है।