
www.daylifenews.in
घाटा-बैनाडा (बस्सी)।श्री लक्ष्मी नारायण मीणा मेमोरियल ट्रस्ट, कानडियावाला (जमवारामगढ़) द्वारा सार्वजनिक पुस्तकालय घाटा (बस्सी) में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों की उपयोगी पुस्तकें भेंट की गईं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें सफलता की ओर अग्रसर करना है।
ट्रस्ट अध्यक्ष सुमन मीणा ने कहा कि “अन्न दान परम दान है, परंतु विद्या दान सर्वश्रेष्ठ दान है।” उन्होंने बताया कि विद्या दान से व्यक्ति को जीवनभर संतोष मिलता है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के साथ-साथ उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध कराएं, ताकि वे अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में ट्रस्ट संरक्षक एवं आईएएस अधिकारी डा. हर सहाय मीणा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। “नियमित अध्ययन ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का मूल मंत्र है। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने से ही मंजिल हासिल होती है।” उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत को अपना मंत्र बनाने की सलाह देते हुए कहा कि “इतनी मेहनत करो कि सफलता आपके कदम चूमे।”
इस अवसर पर टीएसएम कार्यकर्ता फूलचंद घाटी, हनुमान प्रजापत आरवाड़ी, मुरारीलाल नाड़ा, पन्नालाल भावपुरा, रोहिताश कानडियावाला, अमित देवड़वाल, एसडीएम डोडा, सन्नी मीणा, रामधन घाटा, विजय आरवाड़ी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं ट्रस्टी उपस्थित रहे।