आज भैरों सिंह शेखावत की आत्मा को भी कष्ट हुआ होगा : अशोक गहलोत

www.daylifenews.in
जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति श्री भैरोंसिंह शेखावत राजस्थान के सबसे बड़े नेताओं में से एक थे। पूरा राजस्थान जानता है कि उनके जीवनकाल में भाजपा ने उन्हें कभी पूरा सम्मान नहीं दिया। जब वे उपराष्ट्रपति बने तो उनके सम्मान में हमारी कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री आवास में उनके सम्मान में भव्य समारोह रखा था परन्तु भाजपा ने कोई कार्यक्रम तक नहीं रखा।
गहलोत ने अपने एक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा कि कांग्रेस ने उनके निधन के बाद भी उन्हें पूरा सम्मान दिया। श्री शेखावत के निधन के दिन ही उनके परिजनों से चर्चा कर हमारी कांग्रेस सरकार ने विद्याधर नगर स्टेडियम में अविलंब उनके दाह संस्कार हेतु जमीन आवंटित की और वहीं उनका स्मारक बनाया। पूरे प्रदेशवासियों में तब भी चर्चा थी और आज भी बनी हुई है कि यदि भाजपा सरकार भी होती तो उनके अंतिम संस्कार की अनुमति विद्याधर नगर में नहीं देती और न ही उनका स्मारक बनने देती।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अफसोस जाहिर करते हुए लिखा कि आज मेरे क्षेत्र जोधपुर में श्री भैरों सिंह शेखावत की मूर्ति के उद्घाटन का राजकीय कार्यक्रम था जो जोधपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया गया। आज श्री भैरों सिंह शेखावत की आत्मा को भी कष्ट हुआ होगा कि बिना अशोक गहलोत को बुलाए यह कार्यक्रम किया गया। भाजपा ने इस कार्यक्रम में राजनीति कर इस कार्यक्रम की गरिमा को कम किया है। मुझे ऐसा लगता है कि यह बात रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह की जानकारी में आता तो ऐसा नहीं होता।
https://x.com/i/status/2054881737717768500

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *