
www.dalifenews.in
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। प्रार्थी सरस्वती सांसी निवासी चपरासी कॉलोनी, भीलवाड़ा ने पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा को प्रार्थना पत्र देकर अपने पति रवि सांसी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार रवि सांसी दिनांक 14 मई 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे अपने लोडिंग टेम्पो क्रमांक RJ-17-GA-9767 के साथ रोजाना की तरह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि वे बनास डेयरी क्षेत्र की ओर जा रहे हैं तथा शाम तक वापस लौट आएंगे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा।
परिजनों द्वारा रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां काफी तलाश करने के बावजूद रवि सांसी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिवार ने किसी अप्रिय घटना अथवा अनहोनी की आशंका व्यक्त की है।
प्रार्थिया ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में शीघ्र गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही करते हुए रवि सांसी एवं उनके लोडिंग टेम्पो की जल्द से जल्द तलाश की जाए। परिवारजन इस घटना से अत्यंत चिंतित एवं परेशान हैं तथा उन्होंने आमजन से भी सहयोग की अपील की है।