
सरकारी आदेशों की उड़ रही धज्जियां, आबकारी विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे में स्थित एक शराब ठेके पर निर्धारित समय के बाद भी शराब बिक्री किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि देर रात्रि मुख्य शटर बंद होने के बावजूद ठेके के पीछे की खिड़की से ग्राहकों को शराब बेची जा रही है, जिससे राज्य सरकार एवं आबकारी विभाग के नियमों की खुलेआम अवहेलना हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि देर रात तक शराब उपलब्ध होने से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है तथा आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब सरकार ने शराब बिक्री के लिए समय निर्धारित कर रखा है तो उसके बाद भी बिक्री कैसे जारी है।
मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों ने आबकारी विभाग एवं प्रशासन से जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि यदि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होती है तो नियमों की प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
जनता की मांग है कि रात्रिकालीन निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
क्या कहते हैं आबकारी विभाग के C.I शाहपुरा
देर रात तक शराब बिक्री एवं ठेका संचालन के संबंध में जानकारी और पक्ष प्राप्त करने के लिए सी.आई. नीरज कुमार शर्मा, शाहपुरा से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।