नगर पालिका मण्डावर में निकलेगा गड़बड़ झाला : हुड़ला

आरटीआई से मांगी जानकारी, पालिका में मची हलचल
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। यहां रामभरोसे चल रही नगर पालिका में फिलहाल कागजी खेल जोरों पर चल रहा है। पालिका क्षेत्र में हो रहा विकास जमीन पर तो चश्मा लगाकर देखने पर भी दिखाई नहीं दे रहा है पर कागजों में अंधेरे में भी दिखाई दे रहा है। शहर में निवास करने वाले लोगों को शायद पता नहीं की पालिका क्षेत्र में क्या क्या गड़बड़ घोटाले चल रहे हैं। विकास के नाम पर लाखों रुपए बर्बाद किए जा रहे हैं और जमीन पर नगर पालिका नर्क पालिका के नाम से चर्चित हो रही है। लेकिन इन गड़बड़ घोटाले की अब बहुत जल्दी पोल खोलने वाली है। मण्डावर नगर पालिका में एक के बाद एक टेंडर जारी कर उठाया जा रहे फर्जी भुगतान को लेकर पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुड़ला द्वारा नगर पालिका मण्डावर में टेंडरों की सूचना लेने के लिए आधा दर्जन आरटीआई लगाई गई है। पूर्व विधायक ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत नगर पालिका द्वारा जारी किए गए कई टेंडरों, भुगतान और कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी मांगी है। पालिका में विभिन्न विकास कार्यों और सेवाओं के लिए जारी किए गए टेंडरों को लेकर सवाल उठने लगे हैं और पालिका प्रशासन में हलचल मच गई है।
पूर्व विधायक हुड़ला ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका क्षेत्र में लाखों रुपए के विकास कार्यों के टेंडर जारी किए गए, लेकिन कई कार्यों की वास्तविक स्थिति और रिकॉर्ड में अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले कार्यों में पारदर्शिता जरूरी है और इसी उद्देश्य से आरटीआई के जरिए जानकारी मांगी गई है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा आवारा श्वानों (कुत्तों) को पकड़ने, उनका बंध्याकरण एवं टीकाकरण कर पुनः निर्धारित स्थान पर छोड़ने के लिए करीब 9.91 लाख रुपए का टेंडर जारी किया गया था। इसके अलावा नए बस स्टैंड क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, सार्वजनिक प्याऊ के लिए नल फिटिंग, टंकी एवं अन्य सामग्री की आपूर्ति तथा सब्जी मंडी मोड़ से थौवड़ी चौराहे तक करीब 65.45 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण एवं फेरो कवर लगाने जैसे कार्यों के टेंडर भी शामिल हैं।
इसके साथ ही टैली सॉफ्टवेयर में बैंक रिकंसिलेशन, रिटर्न, सेवा कर, वैट एवं आयकर संबंधी कार्यों के टेंडरों की जानकारी भी मांगी गई है। पूर्व विधायक ने सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 6(1) के तहत संबंधित कार्यों के सफल ठेकेदारों के नाम, कार्य आदेश, अनुबंध प्रतियां, माप पुस्तिका (एमबी), भुगतान विवरण, कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र एवं पात्रता दस्तावेजों की प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की है।
हुड़ला का कहना है कि मण्डावर नगर पालिका में बड़ा गड़बड़ झाला निकलेगा।जिन कार्यों के लिए भुगतान किया गया है, वे कार्य वास्तव में कहां और किस स्तर तक किए गए हैं, इसकी जानकारी जनता के सामने आनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आरटीआई के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। सूत्रों के अनुसार, नगर पालिका क्षेत्र में सफाई कार्यों और अन्य विकास योजनाओं पर होने वाले खर्च को लेकर भी चर्चाएं हैं। शहरवासियों का कहना है कि विकास कार्यों पर खर्च होने वाली राशि और धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों के बीच सामंजस्य होना चाहिए।
पूर्व विधायक ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में नगर पालिका के अन्य विकास कार्यों और खर्चों से जुड़ी अतिरिक्त जानकारियां भी आरटीआई के माध्यम से मांगी जाएंगी। फिलहाल नगर पालिका में टेंडरों और विकास कार्यों को लेकर शुरू हुई यह चर्चा शहर में प्रमुख मुद्दा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *