
कृषि पर्यवेक्षक, पटवारी और ग्राम विकास अधिकारी
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। राजस्थान कृषि पर्यवेक्षक, पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी संयुक्त समन्वय समिति उपशाखा मण्डावर ने गुरुवार को उपखंड अधिकारी को मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर सरकारी अवकाशों के दिनों में कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पांच दिवसीय कार्यप्रणाली लागू होने के बावजूद पिछले तीन वर्षों से शनिवार, रविवार और अन्य राजकीय अवकाशों पर लगातार बैठकें, ग्राम सभाएं, चौपाल, शिविर और निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कृषि पर्यवेक्षकों, पटवारियों और ग्राम विकास अधिकारियों पर है। अवकाश के दिनों में लगातार ड्यूटी लगाए जाने से कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है तथा उनका पारिवारिक और सामाजिक जीवन प्रभावित हो रहा है। बाहरी जिलों से कार्यरत कई कर्मचारी महीनों से अपने घर नहीं जा सके हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि अवकाश के दिनों में कार्य करने के बदले कर्मचारियों को न तो क्षतिपूरक अवकाश दिया जाता है और न ही अतिरिक्त मानदेय मिलता है। ऐसे में संयुक्त समन्वय समिति ने निर्णय लिया है कि भविष्य में आपातकालीन और संकटकालीन परिस्थितियों को छोड़कर शनिवार, रविवार और अन्य राजकीय अवकाशों पर कोई भी कर्मचारी सरकारी बैठक, शिविर, निरीक्षण या अन्य कार्यों में भाग नहीं लेगा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अवकाश के दिनों में जारी किए जाने वाले कार्य संबंधी आदेशों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से इस समस्या का समाधान कर कर्मचारियों को निर्धारित अवकाश का लाभ दिलाने की मांग की। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु कुशवाहा, ब्लॉक मंत्री मनोज मीणा, जिला प्रतिनिधि सत्यप्रकाश शर्मा, राकेश मीणा, कृषि पर्यवेक्षक संघ के वरिष्ठ पर्यवेक्षक नीरज गुर्जर, दीनदयाल वर्मा, विक्रम गुर्जर तथा पटवार संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हितेश मीना, भूर सिंह, सुरज्ञान सिंह, शिवशंकर सैनी,प्रज्ञा शर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।