रामावतार असवाल हत्याकांड पर सर्वसमाज का आक्रोश

न्याय की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। भाजपा नेता एवं समाजसेवी रामावतार उर्फ पप्पू असवाल हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में जनाक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को मनोहरपुर के शिव मंदिर परिसर में सर्वसमाज की बैठक आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में हत्या की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
बैठक के बाद सर्वसमाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि 1 जून को भाजपा नेता एवं समाजसेवी रामावतार असवाल की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और रोष का माहौल है। लोगों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर आरोपियों के खिलाफ शीघ्र चालान पेश करने तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
सर्वसमाज और परिजनों ने आरोपी तथा उसके परिवार की पृष्ठभूमि और संपत्तियों की गहन जांच कराने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में सरकार से मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने, मृतक रामावतार असवाल के पुत्र को सरकारी नौकरी देने तथा आरोपी के परिजनों की संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि रामावतार असवाल सामाजिक और जनसेवा कार्यों से जुड़े हुए थे तथा उनकी हत्या से पूरे क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो सर्वसमाज आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा।
इस दौरान विधायक मनीष यादव, भाजपा नेता उपेन यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह, एसडीएम संजीव खेदड़, थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *