कर्पूरी ठाकुर जनजीवन कैंप में पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वृक्ष रहेंगे तो हम बचेंगे-अशोक मेहता

श्री ज्ञानेन्द्र रावत को कार्यक्रम स्थल पर ले जाते श्री अशोक मेहता, साथ में हैं श्री आशीष शर्मा व पीछे श्री सत्येंद्र मलिक।

कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों का स्वागत करते श्री अशोक मेहता, बैठे हुए ( बायें से दायें ) श्री विनय खरे, श्री आशीष शर्मा, श्री ज्ञानेंद्र रावत, श्री सत्येंद्र मलिक एवं श्रीमती शैली अग्रवाल।

श्री ज्ञानेन्द्र रावत को पौधा भेंट करते ( बायें से दायें) श्री अशोक मेहता, श्री संजय कुमार, श्री अनिल तहलानी, साथ में श्री सतेन्द्र मलिक।
www.daylifenews.in
नयी दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में गत दिवस श्रीनिवास पुरी क्षेत्र अंतर्गत कर्पूरी ठाकुर जनजीवन कैंप स्थित मैदान में तृप्ति फाउंडेशन, जी ए सी एस फाउंडेशन, सेवा भारती, वट पीपल फाउंडेशन व कर्पूरी ठाकुर जनजीवन कैंप के निवासियों के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें तृप्ति फाउंडेशन के संस्थापक अशोक मेहता, जी ए सी एस फाउंडेशन के नवीन गुप्ता, अनिल तहलानी, धर्मेंद्र सिंह व अनुराग गुप्ता, वट पीपल फाउंडेशन के राजेश, सेवा भारती के राजेन्द्र जी व अरविंद, कर्पूरी ठाकुर जनजीवन कैंप के निवासियों व एम सी डी के बागवानी विभाग के स्थानीय अधिकारी संजय कुमार की भूमिका महत्वपूर्ण रही। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने बरगद, पीपल, नीम, सहजन, जामुन, पाकर आदि के लगभग 31 वृक्षों का न केवल रोपण किया बल्कि फाउंडेशन द्वारा वृक्षों की रक्षार्थ ट्री गार्ड्स भी लगाये। सबसे बड़ी बात यह रही कि इस कार्यक्रम में अरविंद जी के नेतृत्व में जनजीवन कैंप की महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

श्री आशीष शर्मा को पौधा भेंट करते हुए ।

श्री विनय खरे को पौधा भेंट करते हुए।

श्रीमती शैली अग्रवाल को पौधा भेंट करते हुए।

श्री सत्येंद्र मलिक को पौधा भेंट करते हुए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं ख्यात पर्यावरणविद ज्ञानेन्द्र रावत, भारत पेट्रोलियम के पूर्व अधिकारी एवं 100 करोड़ ट्री अभियान के कार्यकारी प्रमुख आशीष शर्मा, दिल्ली विश्वविद्यालय की पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर, उड़ते पंख फाउंडेशन की प्रमुख व घरेलू कचरे से खाद बनाने के अभियान से जुडी श्रीमती शैली अग्रवाल, जाने-माने पर्यावरण कार्यकर्ता शिक्षावीद सतेन्द्र पाल मलिक व लोकनायक जयप्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विकास केन्द्र के दिल्ली के सचिव विनय खरे की मौजूदगी और इनके पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की महत्ता, वृक्षारोपण और उसके उपरांत उनके उत्तरोत्तर विकास हेतु किये जाने सम्बंधी प्रयासों की जानकारी दिये जाने व उनकी रक्षा की अपील पर न केवल जनजीवन कैंप के निवासियों ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया बल्कि उपस्थित जनों ने भविष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प भी लिया।

स्थानीय महिला कार्यकर्ता श्रीमती भारती का स्वागत एवं पौधा भेंट करते हुए।


वृक्षारोपण करते हुए।

ट्री गार्ड्स लगाते हुए श्री सतेन्द्र मलिक व अन्य।

वृक्षारोपण टीम के साथ।
अपने सम्बोधन में ज्ञानेन्द्र रावत ने जहां जीवन में वृक्षों की महत्ता पर बल दिया, अशोक मेहता ने कहा कि हम तभी तक जीवित रहेंगे, जबतक वृक्ष रहेंगे, श्री राजेश गुप्ता ने बचपन में पेड़ों की छांव में अपने खेलकूद के दिनों का संस्मरण सुनाया, विनय खरे ने कोरोना काल की भयावहता का जिक्र करते हुए वृक्षों की जीवन में उपयोगिता पर प्रकाश डाला, नवीन गुप्ता ने भविष्य में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपने सहयोग का वचन दिया और उनकी रक्षा हेतु निरंतर प्रयास किये जाने का आश्वासन भी दिया, श्रीमती शैली अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों के योगदान, वृक्षारोपण में बढ़-चढ़कर भाग लेने और घरेलू कचरे से खाद बनाने के अपने अनुभव साझा किये, वहीं सत्येंद्र मलिक जी ने स्कूलों में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण कार्यक्रम के अपने संस्मरणों पर प्रकाश डाला। अंत में आशीष जी शर्मा ने अपने 100 करोड़ ट्री अभियान के बारे में जिक्र करते हुए जीवन में हरेक खुशी के अवसर पर एक पेड़ अवश्य लगाने की अपील की और अरविंद जी के प्रयास से जनजीवन कैंप के लोगों की व बच्चों की इस कार्यक्रम में सहभागिता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम की शुरुआत में अशोक मेहता, राजेश गुप्ता, अनिल तहलानी, राजेन्द्र, विपिन वाही, अरविंद ने आगंतुक अतिथियों का पौधा देकर स्वागत किया और भविष्य में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सतत प्रयासरत रहने का आश्वासन दिया।