
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। भाजपा नेता उपेन यादव ने सोमवार को जयपुर में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी से मुलाकात कर शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र की पेयजल समस्याओं के समाधान तथा लंबित जल योजनाओं को शीघ्र गति देने की मांग की।
उपेन यादव ने मंत्री को बताया कि शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों एवं खेजरोली नगरपालिका के लिए स्वीकृत लगभग 60 करोड़ रुपये की जल जीवन मिशन योजना की निविदाएं (एनआईटी) खुले हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कार्य आदेश जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने और शीघ्र कार्य आदेश जारी कराने का आग्रह किया।
इस पर मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने आश्वासन दिया कि जल जीवन मिशन योजना से संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाकर कार्य आदेश जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।
इस दौरान उपेन यादव ने शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र की स्थायी पेयजल समस्या के समाधान के लिए क्षेत्र को ईसरदा-दौसा परियोजना से जोड़ने की मांग भी रखी।उन्होंने कहा कि इस परियोजना से जुड़ने पर क्षेत्र के लोगों को दीर्घकालिक पेयजल राहत मिल सकेगी।
मंत्री ने बताया कि शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र को पेयजल परियोजना से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है तथा परियोजना की डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया जारी है।
उपेन यादव ने कहा कि शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र को पेयजल परियोजना से जोड़वाने का उनका संकल्प लगातार जारी रहेगा और क्षेत्रवासियों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।