वंशिका को न्याय दिलाने के लिए अग्रवाल समाज एकजुट

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। प्रताप नगर निवासी मनीष गर्ग की पुत्री वंशिका गर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को लेकर अग्रवाल समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को मनोहरपुर उपतहसील परिसर में अग्रवाल समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम उपतहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अग्रवाल समाज के जयपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता एवं जयपुर जिला युवा अध्यक्ष संदेश गोयल ने कहा कि वंशिका गर्ग के साथ हुई घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना अत्यंत दुखद, अमानवीय एवं निंदनीय है। समाज इस दुःख की घड़ी में पीड़ित पिता मनीष गर्ग एवं उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है तथा बेटी को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि समाज की बेटियों की सुरक्षा और न्याय से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे में सभी समाजों के लोगों को एकजुट होकर पीड़ित परिवार का साथ देना चाहिए और न्याय की इस लड़ाई में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल एवं गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से मांग की कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि वंशिका को न्याय मिलना समाज की सामूहिक मांग है और जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक समाज की आवाज बुलंद होती रहेगी।
इस अवसर पर जयपुर जिला युवा अध्यक्ष संदेश गोयल, मनोहरपुर अग्रवाल समाज अध्यक्ष सुरेश बिलासका, बजरंग बिदारवाल, सुशील गोयल, रमेश चौधरी, कमलेश खोजवाला, किशन जिंदल, रोशन अग्रवाल, सुरेश जैन, शंकरलाल अग्रवाल, वीरेंद्र संघी, सुरेश बंदावला, अशोक गुर्जर, रामेश्वर बुनकर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *