बिजली विभाग की लापरवाही से पेड़ों पर मंडरा रहा खतरा

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
चंदवाजी (जयपुर)। ग्राम पंचायत चंदवाजी के पीलवा गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण हरित पेड़ों और आमजन की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा है। गांव के श्मशान घाट के सामने स्थित सड़क किनारे पेड़ों के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजार दी गई है, जिससे पेड़ों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार खसरा नंबर 03 के पास सड़क किनारे लगे हरे-भरे पेड़ों के ठीक ऊपर से बिजली की बड़ी लाइन निकाली गई है। इससे तेज हवा या बारिश के दौरान किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। मामले को लेकर गांव के पूर्व सरपंच सरोज कैलाश चंद मीणा ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।
पूर्व सरपंच ने कहा कि पेड़ों के बीच से गुजर रही विद्युत लाइनें पर्यावरण संरक्षण के लिए भी खतरा हैं। उन्होंने विभाग से मांग की है कि इन बिजली खंभों को वर्तमान स्थान से हटाकर सड़क किनारे से लगभग 30 फीट दूर श्मशान घाट की मिट्टी की पाल पर स्थापित किया जाए, ताकि पेड़ों को सुरक्षित रखा जा सके और भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
ग्रामीणों ने भी विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनहानि होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। वहीं पर्यावरण प्रेमियों ने भी पेड़ों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्युत लाइन के मार्ग में बदलाव की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *