
लाडाकाबास क्षेत्र में पसरा मातम, सम्मान में नहीं जले चूल्हे
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। पावटा (कोटपुतली-बहरोड़) उपखंड के पावटा पेट्रोल पंप के सामने कल शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए अहीर की बावड़ी (लाडाकाबास) निवासी रतिराम यादव (पिता श्री प्रहलाद यादव) ने जयपुर के निम्स (NIMS) अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
शोक में डूबा पूरा क्षेत्र, घरों में नहीं बना खाना
रतिराम यादव के असामयिक निधन के समाचार से लाडाकाबास और आसपास के ग्रामीण अंचलों में गहरा शोक व्याप्त हो गया है। इस हृदयविदारक घटना से स्थानीय ग्रामीण इस कदर स्तब्ध और दुखी हैं कि कल शाम से ही क्षेत्र के अधिकांश घरों में चूल्हे तक नहीं जले हैं। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
सरपंच की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम, शव परिजनों को सुपुर्द घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए आज सुबह स्थानीय सरपंच मदन यादव तुरंत पावटा उप जिला अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मृतक के शव का त्वरित पोस्टमार्टम करवाया। कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को संबल देने और ढांढस बंधाने के लिए उप जिला अस्पताल में सुरेश डागर, फुसाराम, ख्यालीराम, जयराम, मक्खन लाल, नरेश, पप्पू राम, गणपत, प्रकाश जाजिम सहित भारी संख्या में ग्रामीण और प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।