
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। पुलिस थाना मनोहरपुर ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण के अनुसार 14 जून 2026 को परिवादी राजूराम गुर्जर निवासी हगौनी देहरा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (नंबर RJ 52 SE 9724) घर के बाहर खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। रिपोर्ट के आधार पर मनोहरपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा रणवीर सिंह एवं वृत्ताधिकारी शाहपुरा दिनेशनारायण सैनी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी रोकेश उर्फ राजेन्द्र बावरिया (22) निवासी बिशनगढ़, थाना मनोहरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर, कांस्टेबल राजेश कुमार, बदलराम, यादराम एवं संदीप की विशेष भूमिका रही।