
www.daylifenews.in
मंडी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी, जो देश के अग्रणी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में से एक है, 20 जून 2026 को अपना 14वां दीक्षांत समारोह आयोजित करने जा रहा है। यह समारोह स्नातक, स्नातकोत्तर एवं विद्यावाचस्पति (पीएचडी) कार्यक्रमों के 643 विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव होगा। यह आयोजन विद्यार्थियों की शैक्षणिक सफलताओं का सम्मान करते हुए शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करेगा।
इस वर्ष का दीक्षांत समारोह गौरव और सम्मान का विशेष अवसर होगा, जिसमें वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक श्री बी. के. गोयनका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। समारोह में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामकोटी तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर रंगन बनर्जी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कंवलजीत सिंह ढिल्लों, परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM), उत्तम युद्ध सेवा पदक (UYSM), युद्ध सेवा पदक (YSM), विशिष्ट सेवा पदक (VSM) करेंगे।
इस वर्ष का दीक्षांत समारोह 643 विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाएगा, जिनमें 321 स्नातक, 259 स्नातकोत्तर तथा 63 विद्यावाचस्पति शोधार्थी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार तथा नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न पदक एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष स्नातक होने वाला बी.टेक. बैच संस्थान के इतिहास का सबसे बड़ा बैच है और यह संस्थान की स्थापना के बाद अब तक का सबसे बड़ा बी.टेक. स्नातक समूह होगा।