
मनोहरपुर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चांदी के जेवरात, एलईडी, सिलाई मशीन और अन्य सामान बरामद
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। जयपुर ग्रामीण पुलिस के निर्देश पर मनोहरपुर थाना पुलिस ने सूने मकानों में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवरात, एलईडी टीवी, सिलाई मशीन, मिक्सी मशीन सहित अन्य घरेलू सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद (आईपीएस) ने बताया कि 24 जून को शिव कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपने मकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर चांदी के जेवरात, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, सिलाई मशीन, मिक्सी मशीन सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा रघुवीर सिंह, वृत्ताधिकारी शाहपुरा लक्ष्मीनारायण सैनी के सुपरविजन तथा थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर कैलाश बेनीवाल, सुरेश प्रजापत, संतोष उर्फ खींची बेनीवाल तथा विक्रम उर्फ जिमी बेनीवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करते थे और चोरी का सामान बेचकर पैसे जुटाते थे।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की भी संभावना है। आरोपियों के खिलाफ मनोहरपुर एवं चंदवाजी थानों में पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस टीम में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह सहित सोहन लाल जैन, सुरेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, नीरज, सुरज्ञान, दीपचंद तथा अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। विशेष योगदान कांस्टेबल यादवराम का रहा।