
स्वीडन में 1 वर्षीय इंटर्नशिप के साथ हॉर्टिकल्चर फार्म में नौकरी के लिए हुआ चयन
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। यहां ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए रुकमणी देवी मेमोरियल कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, मण्डावर (दौसा) की छात्रा संगीता मीणा का चयन स्वीडन में एक वर्षीय इंटर्नशिप प्रोग्राम के साथ हॉर्टिकल्चर फार्म में कार्य करने के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि कॉलेज, क्षेत्र एवं प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है।
श्री करन नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जॉबनेर से संबद्ध रुकमणी देवी मेमोरियल कॉलेज ऑफ़ एग्रीकल्चर मण्डावर दौसा में अध्ययनरत संगीता ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के दम पर यह अंतरराष्ट्रीय अवसर प्राप्त किया है। स्वीडन में वे आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ-साथ हॉर्टिकल्चर फार्म में कार्य भी करेंगी।
संगीता मीणा जयपुर जिले के बस्सी क्षेत्र स्थित माल की ढाणी, चावंडिया गांव की निवासी हैं। पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी संगीता ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों से यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता बाबूलाल मीणा, जो पूर्व प्रोफेसर रह चुके हैं, ने सदैव उन्हें शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया।
रुकमणी देवी कॉलेज के चेयरमैन रामनिवास गोयल एवं डायरेक्टर पदम गोयल ने संगीता की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि संगीता की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और यह संदेश देती है कि समर्पण एवं कठिन परिश्रम से वैश्विक स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।
कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संगीता मीणा को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज डायरेक्टर पदम गोयल ने बताया कि गांव की बेटी से वैश्विक पहचान तक का यह सफर हर मेहनती विद्यार्थीयों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।