“जीता वही सिकंदर” क्विज के साथ प्रवेशोत्सव मनाया गया

सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। वर्गो सांस्कृतिक संस्था की ओर से डायनेमिक किड्स स्कूल, श्याम डूंगरी (आमेर) में हर्षोल्लास के साथ प्रवेशोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सूचना मंत्री सुनील जैन ने विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार मामा को मोती की माला, दुपट्टा एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण “जीता वही सिकंदर” क्विज प्रतियोगिता रही, जिसमें जनरल नॉलेज प्रश्नोत्तरी और वर्ग पहेलियों के माध्यम से बच्चों की बौद्धिक क्षमता का परीक्षण किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विद्यालय का नाम रोशन किया। सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन वितरित किए गए। वहीं सर्वाधिक सही उत्तर देने वाले छात्र विवान सैन, निशांत मीणा एवं नीलम सैनी को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार मामा ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं समय-समय पर आयोजित होती रहनी चाहिए, जिससे बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उनमें नई ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा त्रिपाठी, सुष्मिता भारती एवं सुनीता मीणा के नेतृत्व में किया गया। अंत में सभी ने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *