11 केवी लाइन की चपेट में आने से झुलसा लाइनमैन

साढ़े तीन घंटे के धरने के बाद 8 लाख की सहायता पर बनी सहमति
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर(जयपुर)। शाहपुरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोरा लाड़खानी के खातेड़ी जोहड़ा में विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान 11 केवी लाइन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ठेकेदार शटडाउन नहीं लेने तथा मृतक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर नहीं जाने पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मनोहरपुर जीएसएस (ग्रिड) पर साढ़े तीन घंटे तक धरना दिया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारे लगाए
वही मृतक की पहचान सौरभ जिंजवाडिया उर्फ महेंद्र पुत्र सीताराम जिंजवाडिया (25) निवासी हनुतपुरा, ग्राम पंचायत खोरा लाड़खानी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह करीब डेढ़ महीने से ठेकेदार के अधीन विद्युत लाइन का कार्य कर रहा था। सोमवार को वह सिंगल फेस की लाइन खींच रहा था। इसी दौरान लाइन 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ठेकेदार का सुपरवाइजर घायल युवक को मौके पर छोड़कर फरार होने का भी आरोप लगाया गया। सूचना मिलते ही युवक के दो मित्र मोटरसाइकिल से घटनास्थल पहुंचे और गंभीर हालत में उसे निम्स अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मनोहरपुर ग्रिड पर एकत्र हो गए। उन्होंने शटडाउन नहीं लेने, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और ठेकेदार की लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा तथा आश्रित को नौकरी की मांग को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंचे प्रशासन, पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता की। सहायक अभियंता मनोहर यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना के तहत 5 लाख रुपये की सहायता मिलेगी। इसके अलावा ग्रुप इंश्योरेंस योजना से 2 से 5 लाख रुपये तक की सहायता मिलने की संभावना है। साथ ही विभाग के कर्मचारी भी स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग करेंगे।
करीब साढ़े तीन घंटे चली वार्ता के बाद लगभग 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। यह तीन भाई है जिसमें यह बीच का है।उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *