
www.daylifenews.in
मंडी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी के शोधकर्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीकों पर आधारित एक नया गणितीय मॉडल विकसित किया है। यह मॉडल वन्यजीवों की आबादी में होने वाले बदलावों का अनुमान लगाने में मदद करेगा। इसके माध्यम से वैज्ञानिक यह समझ सकेंगे कि शिकारी और शिकार प्रजातियों की संख्या एक-दूसरे को किस प्रकार प्रभावित करती है और भविष्य में उनकी आबादी में क्या बदलाव हो सकते हैं। खास बात यह है कि कम या अनियमित आंकड़े उपलब्ध होने पर भी यह मॉडल अनुमान लगाने में सक्षम है। यह शोध अमेरिका के मिशिगन राज्य में स्थित लेक सुपीरियर की 544 वर्ग किलोमीटर में फैली आइल रॉयल नेशनल पार्क में भेड़ियों और मूस की आबादी पर आधारित है। यह शोध स्कूल ऑफ मैथमेटिकल एंड स्टैटिस्टिकल साइंसेज की प्रोफेसर डॉ. नीतू कुमारी और उनके पीएचडी शोधार्थी श्री अनुराग सिंह ने किया है। शोधकर्ताओं ने एक ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो पुराने आंकड़ों के आधार पर यह अनुमान लगाता है कि मूस की आबादी कितनी तेजी से बढ़ती है, भेड़ियों की संख्या में प्राकृतिक रूप से किस तरह बदलाव आता है और शिकार के कारण मूस की संख्या पर क्या प्रभाव पड़ता है। इन अनुमानों के आधार पर यह मॉडल अगले पांच वर्षों तक दोनों प्रजातियों की आबादी में होने वाले बदलावों का पूर्वानुमान लगा सकता है।