
www.daylifenews.in
जयपुर। प्रख्यात प्रशासक, समाजसेवी एवं चिंतक डॉ. सत्यनारायण सिंह, आईएएस (सेवानिवृत्त) की स्मृति में तृतीय स्मृति व्याख्यान का आयोजन रविवार, 12 जुलाई 2026 को सायं 6:00 बजे राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, झालाना संस्थागत क्षेत्र, जयपुर के मिनी ऑडिटोरियम-1 में किया जाएगा।
कार्यक्रम का विषय “सुशासन के लिए प्रशासन” रखा गया है, जो लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही, जनभागीदारी एवं लोक-कल्याणकारी प्रशासन की भूमिका पर केंद्रित होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. महेंद्र कुमावत, आईपीएस (सेवानिवृत्त) उपस्थित रहेंगे। वे पूर्व में सरदार पटेल
विश्वविद्यालय के कुलपति, राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष तथा सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजेन्द्र भाणावत, आईएएस (सेवानिवृत्त) होंगे। वे पूर्व में संभागीय आयुक्त, जयपुर एवं भरतपुर, आयुक्त, मनरेगा तथा रीको के प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। वे अपने व्याख्यान में सुशासन की अवधारणा, प्रशासनिक उत्तरदायित्व, जनसेवा तथा बदलती प्रशासनिक चुनौतियों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पद्मश्री अनवर खान मंणियार होंगे, जो संगीत नाटक अकादमी के उपाध्यक्ष हैं। वे इस अवसर पर अपनी सुमधुर प्रस्तुति से भक्ति-रस से ओतप्रोत भजनों का गायन करेंगे, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगा। कार्यक्रम आयोजक डॉ. रिपुंजय सिंह ने बताया कि यह स्मृति व्याख्यान श्रृंखला डॉ.सत्यनारायण सिंह, आईएएस (सेवानिवृत्त) के उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान, लोककल्याण, सामाजिक न्याय तथा
सुशासन के प्रति उनके जीवनपर्यंत समर्पण को स्मरण करने और नई पीढ़ी के प्रशासकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर स्वर्गीय सत्यनारायण सिंह जी द्वारा प्रकाशित दो पुस्तकों व उनके द्वारा किये गये लेखन, सामाजिक, कार्य पर आधारित वेबसाईट का भी विमोचन किया जाएगा।
इस व्याख्यान में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, शिक्षाविद्, न्यायविद्, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियाँ भाग लेंगी। डॉ. रिपुंजय सिंह ने सभी नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से इस गरिमामय आयोजन में सादर उपस्थित रहने का आग्रह किया है। (प्रेस नोट)