
www.daylifenews.in
नई दिल्ली। जनपद बागपत के प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं एनवायरनमेंट एंड सोशल रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (एस्रो) के निदेशक संजय राणा का चयन राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित “कम्मू राष्ट्र गौरव सम्मान–2026” के लिए किया गया है। चयन समिति द्वारा जारी अंतिम सूची में उनका नाम पर्यावरण श्रेणी में शामिल किया गया है। यह सम्मान 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कमलादेवी जनसेवा संस्थान (पंजीकृत), सीकर (राजस्थान) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया जाएगा।
संजय राणा विगत लगभग दो दशकों से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, जलवायु परिवर्तन, व्यवहार परिवर्तन एवं युवा जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं। वर्ष 2013 में स्थापित एनवायरनमेंट एंड सोशल रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ESRO) के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सैकड़ों विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण समुदायों में पर्यावरण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े अनेक नवाचारपूर्ण कार्यक्रम संचालित किए हैं। उनके नेतृत्व में हजारों युवाओं को प्रकृति संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास के प्रति प्रेरित किया गया है।
संजय राणा इससे पूर्व भी पर्यावरण संरक्षण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। उनका मानना है कि “प्रकृति से मानव है, न कि मानव से प्रकृति”, और इसी विचार को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से वे निरंतर कार्य कर रहे हैं।
सम्मान के लिए चयनित होने पर संजय राणा ने चयन समिति एवं कमलादेवी जनसेवा संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और नागरिकों का सम्मान है जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ समाज और प्रकृति की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा।