
झरने वाले मंदिर में आज भगवान नरसिंह और राम दरबार
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। यहां अमरपुर गांव और मण्डावर के बीच दो पहाड़ियों के मध्य स्थित प्रसिद्ध झरने वाले मंदिर में रविवार को भगवान नरसिंह और राम दरबार की मूर्तियों का प्रथम स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों के साथ प्रसादी भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आसपास के गांवों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
समाजसेवी बल्ला राम सैनी ने बताया कि कार्यक्रम महंत बाबा हरिदास महाराज के सानिध्य में आयोजित होगा। सुबह भगवान नरसिंह, भगवान श्रीराम, माता जानकी और भगवान लक्ष्मण की प्रतिमाओं का विशेष पूजन-अर्चन, अभिषेक और आरती की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी भंडारे की व्यवस्था रहेगी। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। कार्यक्रम में अमरपुर, मण्डावर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। मंदिर में दिनभर धार्मिक माहौल रहेगा और श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।