
युवाओं ने उत्साह से किया 103 यूनिट रक्तदान
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर सन राइज स्कूल के पास स्थित भोमराज आयुर्वेदिक पंचकर्म हॉस्पिटल में सामाजिक सरोकार के तहत एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर लोकेश कुमार सैनी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं के उत्साह के चलते कुल 103 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में लाडा का बास सरपंच मदन यादव, विधायक के निजी सहायक अनिल चौधरी, राजेश गुर्जर, डॉ. अशोक सैनी और वैद्य पवन यादव मौजूद रहे।
अतिथियों ने रक्तदाताओं को मोटिवेट करते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसरों को इस तरह मानवीय सेवा से जोड़कर मनाना समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है। रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य का कार्य नहीं है।
भोमराजआयुर्वेदिक पंचकर्म हॉस्पिटल के निदेशक भोमाराम मोटण ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और ब्लड बैंक की मेडिकल टीम का स्मृति चिह्न भेंट कर आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा के लिए अस्पताल प्रबंधन समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन करता रहेगा। इस अवसर पर चिकित्सा स्टाफ सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। यह जानकारी लाडा का बास सरपंच मदन यादव ने दी है।