जनसहभागिता से शिक्षा के क्षेत्र में संस्था के जमीनी मॉडल बने प्रेरणा स्रोत

गोपाल किरन समाजसेवी संस्था ने विद्यार्थियों को वितरित की स्टेशनरी सामग्री
www.daylifenews.in
ग्वालियर। शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के उद्देश्य से गोपाल किरन समाजसेवी संस्था (GKSSS) द्वारा शासकीय कनिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरोली, मुरार (ग्वालियर) में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया। संस्था अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह निमराजे के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कॉपी, पेंसिल, रबर, स्केल, शार्पनर, डॉट पेन सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजेश सिंह जादौन (आजीविका मिशन, जनपद मुरार) रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह निमराजे ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुआ, जिसका वाचन विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह ने कराया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों, शिक्षा के महत्व तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में वैशाली माखीजानी, राखी राठौर, अजय कुमार मिश्रा, रूना, मनीष उपाध्याय सहित UPES देहरादून से गोपाल किरन समाजसेवी संस्था में इंटर्नशिप कर रहे दिव्यान मिश्रा, काव्या एवं प्रियांशु भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह निमराजे ने कहा कि शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना केवल सहयोग नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य में निवेश है। उन्होंने कहा कि गोपाल किरन समाजसेवी संस्था वर्ष 1985 से शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तथा सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि संस्था ने देश के विभिन्न राज्यों में विद्यालय विकास, छात्र सहायता, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण, जनजागरूकता, राष्ट्रीय संगोष्ठियों, कार्यशालाओं एवं सम्मान समारोहों के माध्यम से अनेक जमीनी स्तर के आदर्श मॉडल स्थापित किए हैं, जो जनसहभागिता की उत्कृष्ट मिसाल बन चुके हैं। संस्था का विश्वास है कि समाज और नागरिकों की सहभागिता से शिक्षा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में स्थायी परिवर्तन संभव है।
विद्यालय परिवार ने गोपाल किरन समाजसेवी संस्था के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं। उपस्थित अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर संचालित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। (प्रेस नोट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *