
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। नगर पालिका प्रशासन ने शहर में लंबे समय से जाम पड़े नालों और नालियों की सफाई के लिए विशेष अभियान शुरू किया। अभियान की शुरुआत गांधी चौक से तहसील कार्यालय तक की गई, जहां कचरे से अटे नालों की सफाई कर गंदगी हटाई गई। इससे क्षेत्र में फैली बदबू और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
फायरमैन जितेंद्र मीणा ने बताया कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नालों की सफाई नहीं होने के कारण उनमें कचरा जमा हो गया था, जिससे सड़ांध और दुर्गंध फैल रही थी तथा स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान के तहत नालों से कचरा निकालकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने सफाई अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय बाद नालों की सफाई शुरू होने से उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने नगर पालिका से नियमित रूप से सफाई व्यवस्था बनाए रखने की मांग भी की।
इधर हाल ही में विधायक राजेंद्र की अनुशंसा पर नगर पालिका में हुए प्रशासनिक तबादलों के बाद सफाई व्यवस्था में पालिका कार्मिकों की सक्रियता देखने को मिल रही है। मंगलवार को शुरू हुए अभियान से शहरवासियों में उम्मीद जगी है कि अब नगर की सफाई व्यवस्था में लगातार सुधार होगा और शहर अधिक स्वच्छ एवं व्यवस्थित दिखाई देगा।