मण्डावर में बंदरों के आतंक से लोग परेशान

दर्जनों महिला-पुरुषों ने तहसीलदार और नगर पालिका ईओ को सौंपा ज्ञापन
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। नगर पालिका क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान लोगों ने मंगलवार को तहसील कार्यालय और नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की। दर्जनों महिला-पुरुषों ने तहसीलदार और नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) के नाम ज्ञापन सौंपकर बंदरों को जल्द पकड़वाने की मांग की।
वार्ड नंबर 1 से 6 तक के लोगों का कहना है कि बंदरों के कारण उनका रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो गया है। बंदरों के डर से लोगों ने घरों को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी शुरू कर दी है। आए दिन बंदरों के हमलों से लोग घायल हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बंदरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। झुंड के रूप में घूम रहे बंदर राह चलते लोगों पर हमला कर देते हैं। कई बार बंदर घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जाते हैं और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाते हैं। इससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
लोगों ने बताया कि बंदरों के डर से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का अकेले घर से निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को हर समय हमले की आशंका बनी रहती है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जनहित और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छुड़वाने की व्यवस्था करने की अपील की।
लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। प्रशासन को गंभीरता दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस दौरान दिगम्बर सैनी, गुड्डी सैनी, हरिओम,हजारी, सुरेश,हीरा,अनीता,राधिका,मल्ली, बर्फी,कंचनी, शकुंतला,बीना,धप्पो,विमला सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *