
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग
www.daylifenews.in
जयपुर। AICC अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के निर्देशानुसार राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चोपदार ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेशभर में संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी एवं जिला सह-प्रभारियों की नियुक्तियों की घोषणा की है।
एम.डी. चोपदार ने बताया कि कांग्रेस संगठन की संरचना के अनुरूप राजस्थान के सभी 10 संभागों के लिए 10 संभाग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश की सभी 50 जिला कांग्रेस कमेटियों के लिए 50 जिला प्रभारी तथा 50 जिला सह-प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि अब तक राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग द्वारा प्रदेश के 42 जिलों में जिला कमेटियों का गठन किया जा चुका है। शेष 8 जिला कमेटियों का गठन भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश की लगभग 400 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों एवं 100 से अधिक नगर कांग्रेस कमेटियों का भी जल्द गठन किया जाएगा।
एम.डी. चोपदार ने कहा कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को जिला, ब्लॉक एवं नगर स्तर तक अधिक प्रभावी, सक्रिय और मजबूत बनाना है, ताकि कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सशक्त संगठन के बल पर आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में दो-तिहाईभारी बहुमत के साथ सफलता प्राप्त करेगी।
उन्होंने बताया कि अपने एक वर्ष के कार्यकाल में संगठन के अभूतपूर्व विस्तार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अगले छह महीनों में लगभग 35 हजार पदाधिकारियों की नियुक्ति कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया है।
एम.डी. चोपदार ने कहा कि अगस्त एवं सितंबर माह में पार्टी के बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश पदाधिकारियों तथा अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्षों के लिए शीघ्र ही पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल को और सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए वे निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और समर्पण से राजस्थान में कांग्रेस संगठन पहले से अधिक मजबूत होकर उभरेगा।