राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस पर सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी

www.daylifenews.in
जयपुर। राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हथरोई (अजमेर रोड), जयपुर में सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करना एवं उनके सामान्य ज्ञान को सुदृढ़ बनाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं तिरंगे के सम्मान के साथ की गई। इसके पश्चात समाजसेवी सुनील जैन द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में भारत के राष्ट्रीय ध्वज, स्वतंत्रता संग्राम, इतिहास, संस्कृति एवं समसामयिक विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वर्गो सांस्कृतिक संस्था की ओर से अध्यक्ष रूपाली राव एवं सचिव रवि कश्यप के निर्देशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा राठौड़ ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के महत्व पर प्रकाश डाला तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
अंत में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *