मनोहरपुर से आंधी थाना स्थानांतरित हुए एएसआई जयराम यादव का भव्य सम्मान

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। मनोहरपुर थाना में करीब साढ़े पांच वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले एएसआई जयराम यादव के आंधी थाना स्थानांतरण पर कस्बे में भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बस स्टैंड पर मुस्लिम समाज सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर मुस्लिम समाज के सदर जमीर खान चौहान, हाजी सरदार खान पड़ियार, जामा मस्जिद के सचिव हाजी रज्जाक खान पड़ियार, हाजी इशाक पड़ियार, नवाब खान (खंडेला), अब्दुल हमीद खान पंवार, गुलाब असवाल, सुरेश असवाल, सद्दाम हुसैन पड़ियार, सोहराब पड़ियार, आमिर खान (ताला), कानजी मिस्त्री, बाला सहाय एवं सीताराम जांगिड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जामा मस्जिद सदर जमील खान चौहान ने कहा कि एएसआई जयराम यादव ने अपने पूरे कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी प्राथमिकता दी। उन्होंने हमेशा आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और सभी वर्गों के लोगों के साथ आत्मीय संबंध बनाए रखे, जिसके चलते आज हर व्यक्ति उन्हें सम्मान और स्नेह के साथ विदाई देने पहुंचा है।
वहीं, जामा मस्जिद के सचिव हाजी रज्जाक खान पड़ियार ने कहा कि जयराम यादव ने मनोहरपुर में अपने कार्यकाल के दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। कई संवेदनशील अवसरों पर उन्होंने समझदारी और सूझबूझ का परिचय देते हुए समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का कार्य किया। उनका सरल स्वभाव और जनसेवा की भावना हमेशा लोगों के दिलों में बनी रहेगी।
हाजी सरदार खान पड़ियार ने कहा कि एएसआई जयराम यादव का आमजन से विशेष जुड़ाव रहा है। उनके स्थानांतरण की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में नागरिक उनसे मिलने पहुंचे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सम्मानित किया। इस दौरान स्थानीय उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों एवं उद्योग संचालकों ने भी उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एएसआई जयराम यादव को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके नए कार्यस्थल आंधी थाना में सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *