दौसा: राजस्थान वित्त निगम द्वारा मेगा उद्योग प्रोत्साहन शिविर

665 लाख के ऋण आवेदन प्राप्त
www.daylifenews.in
दौसा। राजस्थान वित्त निगम, शाखा दौसा द्वारा औद्योगिक क्षेत्र, सोमनाथ नगर, दौसा में एक मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों को निगम द्वारा संचालित विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित इच्छुक उद्यमियों की ऋण पत्रावलियां मौके पर ही तैयार करवाई गईं तथा आवेदन शुल्क भी जमा किया गया।
कार्यकारी निदेशक डॉ. हरसहाय मीणा ने बताया कि निगम द्वारा उद्योग, होटल, गेस्टहाउस, अस्पताल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स एवं अन्य सेवा क्षेत्रों की इकाइयों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। निगम द्वारा विभिन्न विशेष ऋण योजनाओं का संचालन भी किया जा रहा है जिसके अंतर्गत रीको द्वारा आवंटित भूमि पर भी ऋण सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।
उन्होंने बताया कि युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र उद्यमियों को मात्र 5.50 प्रतिशत ब्याज दर पर 200 लाख तक का ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। डॉ. मीणा ने कहा कि राजस्थान वित्त निगम का उद्देश्य उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कर एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देकर राज्य में औद्योगिक विकास में योगदान देना है जिससे राज्य में नए रोजगार के अवसर मिलेंगे।
इस दौरान निगम के मुख्यालय से पधारे महाप्रबंधक पंकज पुरोहित, उप महाप्रबंधक रविन्द्र, उपप्रबंधक संजय असवाल, शाखा प्रबंधक सुरेश चंद, उपप्रबंधक राजेश धवन, कोआर्डिनेटर रीको औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील मिश्रा, दौसा औद्योगिक एसोसिएशन के महामंत्री बनवारी लाल सैनी, बापी औद्योगिक एसोसिएशन के महामंत्री राजेश गुप्ता, सिकंदर एसोसिएशन के अध्यक्ष खैराती लाल सैनी, जिला उद्योग केंद्र के मेघराज मीणा, रीको दौसा यूनिट हेड टीसी भट्ट, युवा महिला होटल उद्यमी किरण डोरिया, उद्योगपति हरिचंद नागरवाल आदि उपस्थित रहे। मंच का संचालन जिला उद्योग केंद्र के रिटायर्ड सहायक निदेशक भगवान वर्मा ने किया।
उल्लेखनीय है कि इस मेगा प्रोत्साहन शिविर में कुल 665.00 लाख के ऋण आवेदन पत्र प्राप्त हुए। ऋण आवेदन इस बात का संकेत है कि क्षेत्र के उद्यमियों में निगम की योजनाओं के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *