महंत संतोष कर रहे कांवड़ियों की सेवा निःशुल्क और भोजन

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए शहर के घाटा सहज्या स्थित रेस्टोरेंट के पास सेवा शिविर लगाया गया है। यहां सीताराम मंदिर के महंत एवं ब्राह्मण समाज अध्यक्ष संतोष शर्मा की ओर से कांवड़ियों के ठहरने, विश्राम और भोजन सहित अन्य आवश्यक सामग्री की निःशुल्क व्यवस्था की जा रही है। चार दिनों तक चलने वाले भंडारा प्रसादी आयोजन में कांवड़ियों को सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
इन दिनों हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से कांवड़ लेकर शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। एनएच-921 से गुजरने वाले कांवड़ियों को रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए महंत संतोष शर्मा सुबह-शाम उनकी सेवा में जुटे हुए हैं। शिविर में कांवड़ियों के लिए ठहरने और विश्राम के साथ भोजन तथा खाने-पीने की अन्य जरूरी सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रतिदिन दो दर्जन से अधिक कांवड़िए ले रहे सुविधा
स्थानीय लोगों के अनुसार शिविर में प्रतिदिन करीब दो दर्जन से अधिक कांवड़िए ठहर रहे हैं और यहां उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। लंबी यात्रा के दौरान विश्राम और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था मिलने से कांवड़ियों को काफी राहत मिल रही है।
सेवा से मिल रहा आत्मिक संतोष
महंत संतोष शर्मा का कहना है कि कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। यात्रा के दौरान थके हुए कांवड़ियों को भोजन, पानी और विश्राम जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने से उन्हें राहत मिलती है। इसी भावना के साथ चार दिनों तक भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *