गगवाना में कांग्रेस का बढ़ा कुनबा, दर्जनों नागरिकों ने थामा पार्टी का हाथ

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। गगवाना क्षेत्र में कांग्रेस को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब रिटायर्ड जिला शिक्षा अधिकारी हुकमसिंह मीना सहित दर्जनों नागरिकों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री डॉ. ओमप्रकाश हुडला ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस में शामिल हुए नागरिकों ने कहा कि वे पार्टी की जनहितकारी नीतियों, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आमजन की आवाज को मजबूती से उठाने तथा जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है।
इस अवसर पर रिटायर्ड जिला शिक्षा अधिकारी हुकमसिंह मीना ने कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में नागरिकों का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और जनसेवा के कार्यों को गति मिलेगी।
पूर्व राज्यमंत्री डॉ. ओमप्रकाश हुड़ला ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने आगामी निकाय चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने और चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
हुड़ला ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं तथा संगठन को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। गगवाना में दर्जनों नागरिकों के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *