

स्मारक पर ध्वजारोहण कर अर्पित किए श्रद्धासुमन
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद श्री रामनिवास मीणा की 13वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को गढ़हिम्मत सिंह स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शहीद परिवार सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर वीर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। लोगों ने उनके त्याग, साहस और देशभक्ति को याद करते हुए नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे पंडित सोनू शास्त्री द्वारा हवन यज्ञ में आहुति दिलवाई गई। शहीद के पुत्र डार्विन मीना द्वारा हवन यज्ञ सम्पन्न कराया गया।इसके बाद सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण किया गया। सुबह 10 बजे शहीद रामनिवास मीणा के चित्र एवं स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने शहीद के सम्मान में जयघोष किए। ‘शहीद श्री रामनिवास मीणा अमर रहें’ के नारों से स्मारक परिसर गूंज उठा। समारोह में पूर्व जिला परिषद सदस्य रोशन हवलदार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, वे राष्ट्र की स्मृतियों में सदैव अमर रहते हैं। शहीद रामनिवास मीणा का बलिदान और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के त्याग को हमेशा याद रखना चाहिए। शहीदों के आदर्श युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा देते हैं।
वहीं पूर्व सरपंच रामनिवास गोयल ने कहा कि शहीद रामनिवास मीणा का बलिदान क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। ऐसे श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को शहीदों के त्याग और देशभक्ति से परिचित कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को संजोकर रखना समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में शहीद परिवार के सदस्यों ने भी शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने कहा कि शहीद रामनिवास मीणा का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। समारोह के दौरान शहीद के प्रति लोगों में सम्मान और देशभक्ति का भाव नजर आया।
इस अवसर पर मण्डावर तहसीलदार प्रकाश चंद मीणा, देवीसहाय गौड़,पंडित सोनू शास्त्री,केशयाराम, मुकेश खोलवाल, अनिल मीना, जगदीश सोनी, बाबूलाल खोलवाल, अनिल शर्मा, रामदेव प्रजापत सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।