
जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी उत्साह एवं उमंग के साथ शहरभर में मनाया जाएगा
www.daylifenews.in
जयपुर। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर राजधानी जयपुर में विभिन्न स्थानों पर कई कायक्रम होंगे। जिसका आगाज 19 अगस्त से होगा और 26 अगस्त को विशाल जुलूस-ए-ईद मिलादुन्नबी के साथ समापन होगा। यह जानकारी आज यहां पहाड़गंज स्थित हीरा इंगलिश मीडियम सीनियर सैकेण्डरी स्कूल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कार्यक्रम संयोजक नायाब खान एवं हाजी हसीन अहमद ने दी। इन्होंने बताया कि जश्न ए ईद मिलादुन्नबी हजरत मुहम्मद सल्ललाहुअलैहि वसल्लम की जिंदगी से लोगों को अवगत कराने को लेकर 1501वां जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी उत्साह एवं उमंग के साथ बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है। वाहिद मेमोरियल वेलफेयर एंड रिलीफ सोसायटी व सुन्नी दावते इस्लामी जयपुर की ओर से 19 अगस्त बुधवार को रात 8:30 बजे रामगंज चौपड़ पर मिलाद कॉन्फ्रेंस का आयोजन होगा। जिसमें मुख्य वक्ता खानकाह-ए-बरकातिया माहरेहरा से सैय्यद अमान मियां बरकाती साहब और सैय्यद अमीनुल कादरी साहब निगरां सुन्नी दावत-ए-इस्लामी, मालेगांव से मौलाना सैय्यद मुहम्मद कादरी साहब निगरां सुन्नी दावत ए इस्लामी जयपुर और शहर के औलमा, इस्लामी स्कॉलर्स उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार 22 अगस्त शनिवार को आॅल इंडिया नातिया मुशायरा होगा।
मुफ्ती-ए-शहर जयपुर मुफ्ती अब्दुस्सत्तार रजवी साहब की सरपरस्ती व सुन्नी दावते इस्लामी के संरक्षक मौलाना सैय्यद मुहम्मद कादरी साहब के सानिध्य में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। जिसमें शहर के उलेमा, जिम्मेदार हजरात एवं वरिष्ठजन मौजूद रहेंगे। साथ ही आॅल इंडिया शायर मतीन सासारामी, जौहर कानपुरी, सतलज राहत इंदौरी, वासिफ फारूकी, रामप्रकाश बेखुद, फैज खुमार, काविश रूदोलवी, शिबली रोहतासवी आदि उपस्थित रहेंगे। शायर इस दौरान हजरत मुहम्मद सल्ललाहुअलैहि वसल्लम की शान में नात पाक पढ़ेंगे।
कार्यक्रम संयोजक मौलाना सैय्यद मुहम्मद कादरी साहब के अनुसार 25 अगस्त को रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक आलमी मिलाद कॉन्फ्रेंस लोहारों का खुर्रा घाटगेट पर आयोजित होगी, जिसमें मुख्य अतिथि हजरत मौलाना इम्तियाज बरकाती साहब (मुरादाबाद), हजरत मौलाना जाकिर हुसैन नईमी (मुरादाबाद), आले रसूल मौलाना सैय्यद मुहम्मद कादरी साहब के साथ ही अन्य कई इस्लामी स्कॉलर कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसी प्रकार 26 अगस्त बुधवार को दोपहर 2 बजे जुलूस-ए-ईद मिलादुन्नबी मुफ्ती अब्दुस्सत्तार रजवी साहब की सरपरस्ती में घाटगेट से निकलेगा। जो कि चार दरवाजा, मौलाना जियाउद्दीन सर्किल पर जमा होगा, वहां से कर्बला पहुंचकर जुलूस में परिवर्तित होगा और विशाल सभा होगी। सलातो सलाम व दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। (प्रेस नोट)