
122 प्रत्याशियों का फैसला, 25 वार्डों में जीत के बाद चेयरमैन के लिए भाजपा-कांग्रेस में घमासान
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। मण्डावर नगरपालिका के गठन के बाद पहली बार हुए वार्ड पार्षद चुनाव के मतदान के बाद अब शहर की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पेंच स्कूल) में सुबह मतगणना शुरू होगी। इसके साथ ही 25 वार्डों में चुनाव मैदान में उतरे 122 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। जीतने वाले प्रत्याशी मण्डावर नगरपालिका के पहले निर्वाचित पार्षद होंगे। वहीं वार्डवार नतीजे सामने आने के साथ ही नगरपालिका के पहले चेयरमैन की कुर्सी को लेकर चल रही सियासी कवायद भी निर्णायक दौर में पहुंच जाएगी।
मतगणना से पहले ही भाजपा और कांग्रेस ने बोर्ड बनाने के लिए सियासी गणित बैठाना शुरू कर दिया है। दोनों प्रमुख दल अपने संभावित विजयी प्रत्याशियों के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी नजर है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संभावित विजयी प्रत्याशियों को अपने खेमे में बनाए रखने के लिए दोनों दलों ने अंदरखाने रणनीति तैयार कर ली है। मतगणना के दिन भी विजयी प्रत्याशियों को सीधे मतगणना स्थल तक पहुंचाने की कवायद की जा सकती है।
बहुमत का आंकड़ा नहीं आया तो निर्दलीय होंगे गेमचेंजर
किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में निर्दलीय पार्षद चेयरमैन चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। नतीजे आने के साथ ही बहुमत के आंकड़े को लेकर तस्वीर साफ होगी और इसके बाद निर्दलीयों को अपने पाले में लाने की सियासी कोशिशें तेज होने की संभावना है। वहीं बहुमत के करीब पहुंचने वाले दलों के सामने अपने पार्षदों को एकजुट रखने की चुनौती भी रहेगी। क्रॉस वोटिंग की आशंका के चलते दोनों दल अपने-अपने पार्षदों पर नजर रखेंगे।
चेयरमैन की कुर्सी के लिए अंदरखाने घमासान
वार्ड चुनाव के परिणाम आने से पहले ही चेयरमैन पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस में अंदरूनी दावेदारियां चर्चा में हैं। भाजपा खेमे में कई नामों के दावेदार होने की चर्चा है। ऐसे में अधिकृत दावेदार के सामने पार्टी के भीतर से ही चुनौती की स्थिति बन सकती है। कांग्रेस में भी चेयरमैन पद को लेकर कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन फिलहाल किसी एक मजबूत दावेदार के नाम पर तस्वीर साफ नहीं है। खास बात यह है कि कुछ दावेदारों के सामने पहले अपने वार्ड से चुनाव जीतने की चुनौती है, इसके बावजूद चेयरमैन पद की दावेदारी को लेकर सक्रियता जारी है।
रामकली की निर्दलीय दावेदारी भी चर्चा में
चेयरमैन पद की दौड़ में निर्दलीय प्रत्याशी रामकली का नाम भी राजनीतिक चर्चाओं में है। यदि किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो निर्दलीय पार्षदों के साथ रामकली की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है। ऐसे में 14 सितंबर को आने वाले नतीजे न केवल 25 पार्षद तय करेंगे, बल्कि नगरपालिका की पहली शहरी सरकार का सियासी समीकरण भी तय करेंगे।
पांच राउंड में होगी मतगणना, हर राउंड में पांच वार्ड
रिटर्निंग अधिकारी प्रियंका बड़गुर्जर के अनुसार पेंच स्कूल में सुबह से मतगणना शुरू होगी। मतगणना से पहले टेबलों पर बैठने वाले कार्मिकों की लॉटरी निकाली जाएगी। इसके बाद टेबलवार कार्मिकों का आवंटन होगा। मतगणना पांच राउंड में पूरी होगी। पहले राउंड में वार्ड 1 से 5, दूसरे में 6 से 10, तीसरे में 11 से 15, चौथे में 16 से 20 और पांचवें राउंड में वार्ड 21 से 25 तक के मतों की गिनती होगी। प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली हैं। मतगणना स्थल पर पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा रहेगा।