
www.daylifenews.in
मुंबई। भारत के रत्न एवं आभूषण निर्यात में, अगस्त 2026 के दौरान, सकारात्मक गति जारी रही। कुल निर्यात सालाना आधार पर डॉलर के हिसाब से 3.14% और रुपये के हिसाब से 12.52% बढ़कर 2.30 अरब डॉलर (₹21,945.87 करोड़) रहा, जो अगस्त 2025 में यह 2.23 अरब डॉलर (₹19,503.52 करोड़) था। इस महीने एक विशेष रुझान रहा, मूल्यवर्धित आभूषण निर्यात का उल्लेखनीय प्रदर्शन। जहां तराशे और पॉलिश किए गए हीरों का निर्यात, मूल्य के हिसाब से दबाव में रहा, वहीं इनकी मात्रा (वॉल्यूम) अगस्त 2025 में दर्ज 12.94 लाख कैरेट से बढ़कर अगस्त 2026 में 13.36 लाख कैरेट हो गई। साथ ही, सोने के जड़ाऊ आभूषण का निर्यात डॉलर के हिसाब से 51.22% बढ़ गया, जो अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तैयार और मूल्यवर्धित आभूषण की बढ़ती मांग को रेखांकित करता है। जीजेईपीसी के अध्यक्ष, किरीट भंसाली ने कहा, अगस्त का निर्यात प्रदर्शन, भारत के रत्न एवं आभूषण उद्योग की मज़बूती और परिस्थितियों के अनुसार ढलने की क्षमता को रेखांकित करता है।