रामदेव जयंती पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। ग्राम करीरी स्थित रामदेव मंदिर में सोमवार को रामदेवजी महाराज की जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। जयंती समारोह को लेकर मंदिर परिसर को फूलों, आकर्षक सजावट और मनमोहक झांकियों से सजाया गया। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। उपसरपंच प्रतिनिधि संग्राम सिंह शेखावत के नेतृत्व में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने रामदेव बाबा के दर्शन किए।
जयंती के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। रामदेव बाबा को विधिवत भोग लगाकर आरती की गई और क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। मंदिर पुजारी बाबूलाल सबल ने बताया कि पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में सजाई गई आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
समारोह के दौरान आयोजित भजन संध्या में नवरत्न शर्मा एंड पार्टी करीरी के कलाकारों ने रामदेव बाबा की महिमा और भक्ति से जुड़े भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों और जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे और रामदेव बाबा के जयकारे लगाते रहे।
हजारों ने पंगत में ग्रहण की प्रसादी
ग्रामीणों की ओर से मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। उपसरपंच प्रतिनिधि संग्राम सिंह शेखावत ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और सद्भाव मजबूत होता है।
कार्यक्रम में हनुमान सहाय मीणा, मोहन पटवारी, चंदन शेखावत, बाबूलाल सबल, बंशीधर सबल, प्रहलाद वर्मा, मनोज मीणा, दिनेश वर्मा, गजानंद मीणा, उमेश मीणा, रोहिताश मीणा, पपन कुमावत, रामजी लाल पारीक सहित अनेक ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *