
18 जिलों की 200 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा
www.daylifenews.in
जयपुर। महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कार्यरत संस्था कायस्थ नंदिनी की ओर से पैन-राजस्थान कार्यक्रम ‘महक’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के 18 जिलों से 200 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। महिला उद्यमिता, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण पर केंद्रित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ‘कायस्थ नंदिनी महिला बिजनेस डायरेक्टरी’ और ‘कायस्थ नंदिनी गीत’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रही श्रीमती उर्मिला माथुर जो एलबीएस ग्रुप ऑफ़ स्कूल की संस्थापक अध्यक्ष है ।
कायस्थ नंदिनी की फाउंडर चेयरपर्सन दीपा माथुर ने बताया कि संस्था महिलाओं को शिक्षा, व्यवसाय, सामाजिक सहभागिता, संस्कृति और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए साझा मंच उपलब्ध करा रही है। संस्था सिस्टरहुड की भावना के साथ महिलाओं को जोड़कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लोकार्पित महिला बिजनेस डायरेक्टरी के प्रथम संस्करण में राजस्थान की 150 से अधिक महिला उद्यमियों और उनके व्यवसायों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को पहचान दिलाने के साथ उन्हें आपस में जोड़ना और व्यावसायिक नेटवर्क उपलब्ध कराना है। आगामी संस्करणों में डायरेक्टरी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित करने के साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कायस्थ नंदिनी की को-फाउंडर सीमा माथुर एवं को-फाउंडर विजयलक्ष्मी ने बताया कि संस्था महिला सुरक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और इस क्षेत्र में विशेषज्ञ संस्थाओं के साथ मिलकर कार्य करने के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं। इसी क्रम में कायस्थ नंदिनी और फायर एंड सिक्योरिटी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FSAI) के बीच महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के क्षेत्र में सहयोग के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
कार्यक्रम में कायस्थ नंदिनी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही विलक्षण प्रतिभाओं की महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली प्रमुख महिलाओं में श्रीमती अर्चना श्रीवास्तव, श्रीमती बकुल महेश, श्रीमती मीता माथुर, कैप्टन कृति सक्सेना, डॉ. शिवानी माथुर एवं आर्किटेक्ट राधिका झामरिया शामिल रहीं। संस्था की ओर से इन महिलाओं के योगदान और उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उनका सम्मान किया गया। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली महिलाओं को पहचान देना और अन्य महिलाओं को उनके कार्य से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
‘महक’ कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आई महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर ‘कायस्थ नंदिनी गीत’ का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की प्रतिभा, उद्यमिता एवं सामाजिक सहभागिता को मंच देने के साथ महिला सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कायस्थ नंदिनी वर्तमान में राजस्थान के 18 जिलों में सक्रिय है। संस्था की ओर से मेडिकल, परिवार परामर्श, कानूनी, साहित्यिक और बिजनेस सहित विभिन्न समितियों का संचालन किया जा रहा है। इनके माध्यम से महिलाओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। आगामी चरण में महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने तथा महिला सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी गतिविधियों का विस्तार करने की योजना है।
कार्यक्रम में समाज के अनेक प्रबुद्ध एवं गणमान्य व्यक्तित्वों की उपस्थिति रही। इनमें एलबीएस कॉलेज के संस्थापक अध्यक्ष कुलदीप माथुर, प्रशासनिक अधिकारी दीप माथुर, योगेश श्रीवास्तव, अजीत सक्सेना, मधुकर सक्सेना, नलिनी फाउंडेशन से राधे गोविंद माथुर, एन.डी. माथुर एवं अवध बिहारी माथुर सहित अन्य गणमान्यजन शामिल रहे। अतिथियों ने कायस्थ नंदिनी की पहल की सराहना करते हुए संस्था को शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में महिला सशक्तीकरण और सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्यों में सहयोग को लेकर चर्चा की।