ट्रांसफार्मर के जंपर और खेत की मेड़ के विवाद में खूनी तांडव

रिटायर्ड फौजी पर फायरिंग का आरोप, ट्रैक्टर से कुचला, एक की मौत,12 घायल
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। मण्डावर थाना क्षेत्र के पाखर चौड़ाकी गांव में ट्रांसफार्मर से कथित तौर पर अवैध जंपर डालने और खेत की मेड़ को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया। परिवार के ही दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में एक पक्ष के सेवानिवृत्त फौजी पर बंदूक से फायरिंग करने का आरोप है। वहीं दूसरे व्यक्ति पर ट्रैक्टर से लोगों को कुचलने का आरोप लगा है। संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पप्पू गुर्जर (45) की दौसा जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना में 12 लोग घायल बताए गए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस तैनात की गई है।
जंपर डालने को लेकर पहले से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच ट्रांसफार्मर से कथित तौर पर अवैध जंपर डालने को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे खेत की मेड़ को लेकर कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान फायरिंग और ट्रैक्टर से लोगों को कुचलने की घटना हुई। फायरिंग में दो लोगों को गोली लगने की बात सामने आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मण्डावर और महुवा के सरकारी अस्पतालों में पहुंचाया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दौसा जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया।
दौसा ले जाते समय पप्पू ने तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार पाखर चौड़ाकी निवासी पप्पू गुर्जर पुत्र पूरण गुर्जर (45) संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे मण्डावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दौसा जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दान सिंह और विजय सिंह भी घायल हुए हैं। वहीं, चतर सिंह और भोजराज की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया।
दोनों पक्षों के लोग घायल, पांच की हालत गंभीर
घटना में राजेंद्र गुर्जर पुत्र समय सिंह, समुद्र सिंह पुत्र समय सिंह और कुलदीप पुत्र राजाराम गुर्जर सहित कई लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा रामस्वरूप पुत्र जगन गुर्जर, केशव माधव पुत्र राजेंद्र, उगन्ती पत्नी राजेंद्र गुर्जर, वेदप्रकाश पुत्र रामनिवास गुर्जर और अलका पुत्री राजाराम सहित दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पांच घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
महुवा पुलिस उपाधीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि पप्पू की मौत गोली लगने से हुई या किसी अन्य कारण से, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा। दोनों पक्षों के बीच ट्रांसफार्मर से कथित तौर पर अवैध जंपर डालने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *