
पाखर चौड़ाकी में खूनी संघर्ष: तीन आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी निरुद्ध
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। थाना क्षेत्र के पाखर चौड़ाकी गांव में खेत की मेड़ के विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने घटना के तीसरे दिन गुरुवार को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध कर पेश किया है। महुवा सीओ अनूप सिंह के सुपरविजन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं, मामले के तीन आरोपी पुलिस निगरानी में उपचाराधीन हैं।
थानाधिकारी हरिओम मीणा ने बताया कि पाखर चौड़ाकी गांव में खेत की मेड़ के विवाद को लेकर हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने रामरूप पुत्र जगन, वेदप्रकाश पुत्र रामनिवास और उगनती पत्नी राजेंद्र को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी उगनती को जेल भेजने के आदेश दिए, जबकि रामरूप और वेदप्रकाश को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा। पुलिस दोनों आरोपियों से मामले के संबंध में पूछताछ कर रही है। उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूम्बर 2026 मंगलवार सुबह क्षेत्र के गांव पाखर चौड़ाकी में खेत की मेड पर परिवार के दो पक्षों में उपजे विवाद में एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग ओर टैक्टर से रौंदकर कई लोगों को गंभीर घायल व घायल कर दिया था। जिसमें एक जने को इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई थी। वहीं दो की हालत नाजुक होने पर उनका जयपुर में इलाज जारी है। घटना में दोनों पक्षों के दर्जनभर लोग घायल हुए थे।
फरार आरोपियों की तलाश में दबिश।
महुवा सीओ अनूप सिंह ने बताया कि मामले में आधा दर्जन से अधिक आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, मामले के तीन आरोपी पुलिस निगरानी में उपचाराधीन हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।