दीपावली के बैनर को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (जयपुर)। शहर के बस स्टैंड स्थित एक निजी मैरिज होम के सामने होर्डिंग पर बैनर लगाने को लेकर भाजपा के चेयरमैन पद के चुनाव में हारे प्रत्याशी अशोक नारेड़ा और निर्वाचित चेयरमैन अनीता मीना के रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। दीपावली की शुभकामनाओं के बैनर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गाली-गलौच और मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सायं को नए बस स्टैंड पर दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए एक पक्ष की ओर से होर्डिंग पर बैनर लगाया गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने होर्डिंग पर लगे बैनर को फाड़ दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौच के बाद मारपीट हो गई। एक पक्ष की ओर से चाकू से हमला किए जाने का आरोप भी लगाया जा रहा है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी गाली-गलौच सहित अन्य आरोप लगाए हैं।
चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा विवाद
हाल ही में हुए नगर पालिका चुनाव में चेयरमैन पद को लेकर दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा रही थी। ऐसे में होर्डिंग पर बैनर लगाने को लेकर हुए विवाद को चुनावी रंजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों और घटना में किसकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दोनों पक्षों ने दी शिकायत, देर रात तक दर्ज नहीं हुआ मामला
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायत दिए जाने की बात सामने आई है, लेकिन देर रात तक किसी भी पक्ष का मामला दर्ज नहीं हो सका था। अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *