छात्राओं ने रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाकर दिया रचनात्मकता सन्देश

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। शहर के आकाश ग्रुप ऑफ कॉलेजेज मण्डावर में दीपावली के त्योहार को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल नजर आया। बुधवार को दीपावली की तैयारियों के तहत कॉलेज परिसर में छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक और रंग-बिरंगी रंगोलियां सजाईं। रंगों से सजी इन रंगोलियों ने कॉलेज परिसर की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। वहीं छात्राओं ने दीप जलाकर रोशनी के इस पर्व का उल्लासपूर्वक स्वागत किया।
कॉलेज परिसर में आयोजित इस गतिविधि के दौरान छात्राओं ने विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता को रंगोली के रूप में उकेरा। किसी ने पारंपरिक रंगोली बनाई तो किसी ने आधुनिक डिजाइनों के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी रंगोलियों के बीच जलते दीपकों ने पूरे परिसर को दीपावली के रंग में रंग दिया। छात्राओं ने सामूहिक रूप से इस आयोजन में भाग लेकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान कॉलेज परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। छात्राओं ने रंगोली सजाने के साथ दीप प्रज्वलित कर दीपावली के पर्व का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति जुड़ाव बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा। इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलता है।
कॉलेज निदेशक एमडी शर्मा ने बताया कि दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे, खुशियों और सकारात्मकता का प्रतीक पर्व है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर श्रीमती माया शर्मा, विकास शर्मा, आकाश शर्मा, डॉ. भूदेव शर्मा, डॉ. सतीश मीना, डॉ. योगेश दीक्षित, राजेश नरुका, बनवारी महावर, डॉ. विकास रणवा, केशव सैनी सहित कॉलेज के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *