
चतुर्थ चरण के 446 मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे मतदान दल
www.daylifenews.in
जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने मंगलवार को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड, जयपुर परिसर का दौरा कर मतदान दलों की रवानगी एवं अंतिम प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों की रवानगी समयबद्ध रूप से पूरी की जाए एवं निर्वाचन सामग्री का वितरण व्यवस्थित ढंग से हो तथा मतदान कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि चतुर्थ चरण में जिला परिषद् के 13 वार्ड (वार्ड संख्या 38 से 50) तथा बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों के 82 पंचायत समिति वार्ड एवं 140 ग्राम पंचायतों के 446 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल 13 नवंबर को अंतिम प्रशिक्षण के बाद इसी परिसर से रवाना होंगे। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान 14 नवंबर को एवं पंच एवं सरपंच पदों के लिए 15 नवंबर को प्रातः 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन होंगे तथा 16 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा तथा 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उक्त चारों पंचायत समितियों के लिए होने वाले मतदान में प्रयुक्त होने वाली ईवीएम की कमिशनिंग का कार्य संपन्न कराया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि मतदान दलों को ईवीएम, बैलेट पेपर एवं अन्य निर्वाचन सामग्री की पूरी जाँच कर रवाना किया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) आशीष कुमार, बस्सी एसडीएम दीपक खटाणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।