
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। रात्री की रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा है त्रिवेणी धाम। धर्मपाल यादव ने बताया कि शाहपुरा के नजदीक त्रिवेणी धाम में 108 कुंडीय श्रीसीताराम महायज्ञ भव्य रूप से जारी है। रात होते ही त्रिवेणी धाम रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठता है। आकर्षक सजावट के चलते पूरा परिसर अयोध्या नगरी जैसा नजर आ रहा है। रोशनी से सजे मंदिर परिसर का अद्भुत नजारा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
रात को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले में लगे आकर्षक झूले, हेलीकॉप्टर और जलपरी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
महायज्ञ के तीसरे दिन 33 लाख 21 हजार आहुतियां दी जा चुकी हैं। प्रमुख कुंड पर त्रिवेणी धाम श्री रामरिछपाल दास जी महाराज ने आहुतियां अर्पित कीं। महायज्ञ के विशाल भंडारे में प्रतिदिन 50 हजार से अधिक श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। त्रिवेणी धाम में आस्था, भक्ति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है ;
बुजुर्गों एवं दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधा
वरिष्ठ कार्यकर्ता रामेश्वर ताखर ने बताया कि श्रद्धालु अपने घर के बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को भी बेझिझक महायज्ञ में लेकर आ सकते हैं। पार्किंग स्थल से मंदिर परिसर तक निःशुल्क टैम्पो वाहन की व्यवस्था की गई है, ताकि बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को पैदल चलने की परेशानी नहीं हो और वे आसानी से महायज्ञ में शामिल होकर धर्मलाभ ले सकें।