
एक के घर मिली अवैध बंदूक तो दूसरे ने भी कराया मारपीट का मामला दर्ज
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। मण्डावर थाना क्षेत्र के ऊकरूंद गांव में दो पक्षों के बीच हुआ झगड़ा अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। विवाद के बाद पुलिस ने एक पक्ष के तीन लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया, वहीं दूसरे पक्ष के युवक के घर की तलाशी में अनाज की टंकी से अवैध 12 बोर बंदूक बरामद की। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट का मामला दर्ज कराया गया है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर हेड कांस्टेबल विनोद कुमार पुलिस जाप्ते के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ऊकरूंद निवासी राहुल मीना ने गांव में झगड़े की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो राहुल मीना और उसके परिजन दूसरे पक्ष के लाखन सिंह मीना के परिवार के साथ मारपीट और गाली-गलौज करते मिले। पुलिस ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष नहीं माने और उग्र होकर जान से मारने की धमकी देने लगे। इस पर पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में राहुल (19), रेवती (42) और अशोक (40) को गिरफ्तार कर लिया।
अनाज की टंकी में छिपा रखी थी बंदूक
पुलिस हिरासत में लिए गए राहुल मीना ने लाखन सिंह मीना के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखने की सूचना दी। इस पर पुलिस ने लाखन सिंह के घर की तलाशी ली तो अनाज की टंकी में छिपाकर रखी 12 बोर की बंदूक मिली। आरोपी बंदूक का लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस ने बंदूक जब्त कर लाखन सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मामला दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने भी कराई एफआईआर
इधर, दूसरे पक्ष के परिवादी नारायणलाल मीना (63) निवासी उकरूंद ने 16 नवंबर को थाने में रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि 15 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे खेत से घर लौटकर खाना खाने के बाद वह घर पर बैठा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग घर पहुंचे और लाठियों से मारपीट की। हमले में उसका एक दांत टूट गया और शरीर पर चोटें आईं। परिवादी ने रेवती मीना, अशोक मीना, राहुल मीना, रामहरी मीना, सपना मीना, सुशीला मीना और मनीषा मीना सहित अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दी। उसने घर पर ट्रैक्टर और गाड़ी में आग लगाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों द्वारा रोकना बताया। झगड़े में घायल लोगों का मण्डावर सीएचसी में मेडिकल मुआयना भी करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।