
महुवा पंचायत समिति में 27 नवंबर को होगा प्रधान का चुनाव
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। तीन साल पहले पंचायत समिति का दर्जा मिलने के बावजूद मण्डावर को अब तक अपना कार्यालय नसीब नहीं हो पाया है। पंचायत समिति का गठन तो हो गया, लेकिन न तो यहां नियमित कामकाज शुरू हो सका और न ही कार्यालय के लिए स्थायी भवन की व्यवस्था हो पाई। हालात यह हैं कि पंचायत समिति क्षेत्र के गांवों से जुड़े पंचायत राज के काम आज भी महुवा पंचायत समिति से संचालित हो रहे हैं। इसके चलते ग्रामीणों को छोटे-बड़े सरकारी कामों के लिए 15 से 20 किलोमीटर दूर महुवा तक की दौड़ लगानी पड़ रही है। अब पंचायत समिति के चुनाव की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है, लेकिन निर्वाचित होने वाले प्रधान के बैठने के स्थान को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
घोषणा हुई, लेकिन सुविधाएं नहीं मिलीं
बजट घोषणा वर्ष 2022-23 में पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुड़ला की अनुशंसा पर तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मण्डावर को पंचायत समिति का दर्जा देने की घोषणा की थी। इसके बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद जगी थी कि पंचायत समिति बनने से स्थानीय स्तर पर ही पंचायत राज से जुड़े काम होने लगेंगे। ग्रामीणों को प्रमाण-पत्र, विकास कार्यों की स्वीकृति और अन्य प्रशासनिक कामों के लिए महुवा के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लेकिन तीन साल गुजरने के बाद भी यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। पूर्ववर्ती सरकार ने पंचायत समिति गठन की घोषणा की, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भी कार्यालय भवन और नियमित संचालन की व्यवस्था नहीं हो पाई है।
चुनाव नजदीक, प्रधान की कुर्सी का ठिकाना नहीं
मण्डावर पंचायत समिति के 15 वार्डों के चुनाव परिणाम 20 नवंबर को आने हैं। इसके बाद 27 नवंबर को प्रधान का चुनाव प्रस्तावित है। प्रधान के निर्वाचन में अब महज दस दिन का समय शेष है, लेकिन पंचायत राज विभाग की ओर से कार्यालय संचालन और निर्वाचित प्रधान के बैठने की व्यवस्था को लेकर अब तक कोई ठोस तस्वीर सामने नहीं आई है। आचार संहिता लागू होने के बाद प्रधान के बैठने के लिए स्थान चिह्नित करने के प्रयास जरूर हुए, लेकिन अब तक स्थायी स्थान तय नहीं हो पाया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जिस पंचायत समिति के संचालन की जिम्मेदारी प्रधान और सदस्यों के कंधों पर होगी, उसका कामकाज आखिर कहां से शुरू होगा।
एक दिन खुला कार्यालय, फिर लटक गया ताला
पंचायत समिति गठन की घोषणा के बाद विधानसभा चुनाव से पहले आनन-फानन में नगर पालिका मण्डावर के कार्यालय परिसर की पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में पंचायत समिति कार्यालय शुरू करने की औपचारिकता की गई थी। यह कार्यालय महज एक दिन के लिए खुला। इसके बाद कमरे पर ताला लटक गया, जो आज तक नहीं खुला है। पंचायत समिति बनने की घोषणा के साथ जिस कमरे में स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था शुरू होने की उम्मीद जगी थी, वह अब तक बंद पड़ा है।
ग्रामीणों को इंतजार, कब शुरू होगा स्थानीय स्तर पर कामकाज
पंचायत समिति क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जब मण्डावर को अलग पंचायत समिति का दर्जा मिल चुका है तो फिर यहां कार्यालय और कर्मचारियों की व्यवस्था भी होनी चाहिए। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि नई पंचायत समिति बनने से विकास कार्यों की निगरानी, जनसमस्याओं का निस्तारण और सरकारी योजनाओं का संचालन स्थानीय स्तर पर होगा। लेकिन कार्यालय के अभाव में उन्हें आज भी महुवा पर निर्भर रहना पड़ रहा है। अब चुनाव के बाद नई पंचायत समिति के गठन के साथ ही भवन, कार्यालय और स्टाफ की व्यवस्था करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी।